मध्य प्रदेश

आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा भिण्ड का जिला अस्पताल : उपमुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल
उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि जिला चिकित्सालय भिण्ड को आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें और मरीजों को रेफर करने की स्थिति निर्मित नहीं हो। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने अस्पताल परिसर में नवनिर्मित 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई तथा 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर इकाई का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि पुराने भवन के जिन वार्डों की छत कमजोर हो, उन्हें एक सप्ताह के भीतर नवीन भवन में स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा के दृष्टिगत पुराने भवन में केवल उस हिस्से का प्रयोग करें जिसकी संरचना मजबूत हो तथा पुराने भवन के जीर्ण-शीर्ण और क्षतिग्रस्त वार्डो में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं चलने दी जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला और अस्पताल प्रशासन द्वारा पुराने भवन के जीर्णोद्धार की आवश्यकता बताई गई है जिसकी विस्तृत समीक्षा कर विभाग से हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि क्रिटिकल केयर इकाई के दोनों मॉड्यूलर आपरेशन थियेटर क्रियाशील किए जाएं। उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने भिण्ड प्रवास के दौरान जिला अस्पताल भिण्ड का निरीक्षण कर ये निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे हर मरीज को बेहतर देखभाल मिल सके। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी दूर करने के लिए स्वीकृत पदों पर विशेषज्ञों की भर्ती लगातार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए जिले को 50 डॉक्टर मिले हैं, यदि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ होंगी तो जिला अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में गैर-संचारी रोगों की जांच में तेजी लाई जाए जिससे बीपी, शुगर, फैटी लीवर, कैंसर जैसी बीमारियों का समय रहते पता चल सके और नागरिकों में होने वाली गंभीर बीमारियों में कमी आए। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्रों से टेलीमेडिसिन को बढ़ावा देने के भी निर्देश दिए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।

इस अवसर पर सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा, श्री वीरेंद्र गुप्ता, कलेक्टर श्री पवन जैन, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज वर्मा, अपर कलेक्टर श्री राजन बी. नाडिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button